जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित
गणना कार्य में भारत सरकार की गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी
जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान कर पूर्ण किया जाए प्रशिक्षण सत्र
एटा। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों के दृष्टिगत आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में चार्ज अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण/समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित तैयारियों, कार्मिकों की नियुक्ति, ऑनलाइन गणना प्रक्रिया,फीडिंग कार्य तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण एवं व्यापक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पूरी गंभीरता, सावधानी एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना होगा। ऑनलाइन जनगणना के दौरान भारत सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों की जो भी जिज्ञासाएं अथवा शंकाएं हों, उनका तत्काल समाधान कर प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी प्राप्त की जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना के द्वितीय चरण संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण करते हुए कार्मिकों की नियुक्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य किया जाए तथा जनगणना कार्य के आंकड़ों की गुणवत्ता एवं शुद्धता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी चन्द्र प्रकाश पाठक, उपजिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत, उपजिलाधिकारी अलीगंज शशिशेखर, उप जिलाधिकारी एटा श्वेता सिंह,तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय,तहसीलदार अलीगंज संजय कुमार, तहसीलदार जलेसर हर्नेस कर्दम, बीएसए अनुपम अवस्थी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी , समस्त अधिशासी अधिकारी,जिला अर्थ एवं संख्यधिकारी प्रदीप कुमार, अपर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अवधेश सिंह,ओम कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ के एस एन यादव एवं आदेश मौर्य द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
