मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने किया उद्योग विभाग एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण
—————————————
उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश
——————————————-
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, दिसंबर के प्रथम सप्ताह में राज्य कर विभाग को हस्तांतरण के निर्देश
——————————————-
संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर
एटा। मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल ओम प्रकाश आर्य ने आज जनपद के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान विभिन्न कार्यालयों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया तथा तहसील एटा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जनसमस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम उपायुक्त उद्योग कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्पलाइन पर उपलब्ध सेवाओं एवं संबंधित पटलों पर कार्यरत सहायकों से विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर आने वाले व्यक्तियों को योजनाओं से संबंधित समस्त आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण की स्थिति, लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं के लाभार्थियों से नियमित रूप से फीडबैक लिया जाए तथा यह भी देखा जाए कि योजना का लाभ प्राप्त करने के बाद उनके व्यवसाय एवं आर्थिक स्थिति में किस प्रकार का सकारात्मक परिवर्तन आया है।
मंडलायुक्त ने कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था तथा बीट/आगंतुक रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं से जुड़ सकें। उपायुक्त उद्योग को योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के प्रतिष्ठानों की जांच कर उनकी वास्तविक कार्यशीलता भी सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त को जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। उद्योगों के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के संबंध में संबंधित गैस एजेंसी से वार्ता किए जाने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने कहा कि उद्यमियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग समन्वय से कार्य करें। उन्होंने बैंकर्स की भूमिका को और प्रभावी बनाने तथा ऋण संबंधी प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया।
इसके पश्चात मंडलायुक्त ने एआरटीओ कार्यालय के पास निर्माणाधीन मंडल स्तरीय राज्य कर कार्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कार्य में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का पूर्ण पालन किया जाए, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि ने बताया कि बजट देर से जारी होने के कारण परियोजना की समयसीमा दिसंबर तक बढ़ाई गई है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण कर दिसंबर के प्रथम सप्ताह में ही संबंधित राज्य कर विभाग को हस्तांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की वित्तीय अथवा अन्य समस्या आ रही हो तो तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक पत्राचार किया जा सके।
मंडलायुक्त ने इसके बाद मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद एटा द्वारा निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलम एवं पिलर के कार्य की स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था के सक्षम अभियंता को मौके पर तैनात कर निर्माण कार्य की बारीकी से निगरानी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही कराया जाए तथा अभियंता द्वारा नियमित निरीक्षण के उपरांत अपनी संस्तुति उपलब्ध कराई जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं
निरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत मंडलायुक्त ओम प्रकाश आर्य ने तहसील एटा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादी को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार तहसील, थाना अथवा अन्य कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायत को पहली बार में ही पूरी गंभीरता से सुनकर, समस्या को समझते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण भ्रमण के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त मंसाराम यादव, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह,अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेंद्र प्रसाद मिश्र,उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह,सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
