ब्यूटी पार्लर की आड़ में ड्रग्स और हथियारों का खेल खुला..लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग से कनेक्शन की जांच तेज
राजधानी दिल्ली में अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कथित सदस्य खुशनुमा अंसारी ‘नेहा’को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि वह ब्यूटी पार्लर की आड़ में ड्रग्स और हथियारों के सिंडिकेट का संचालन कर रही थी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपित महिला का संबंध कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गिरोह से बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वह गैंग के लिए दिल्ली-एनसीआर में नेटवर्क तैयार करने और सप्लाई चेन संभालने में अहम भूमिका निभा रही थी।
ऐसे चलता था खेल…
पुलिस जांच में सामने आया है कि नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में खुशनुमा अंसारी ‘नेहा’ नाम से एक ब्यूटी पार्लर संचालित करती थी। बाहर से देखने पर यह सामान्य पार्लर लगता था, जहां रोजमर्रा के सौंदर्य सेवाएं दी जाती थीं। लेकिन पुलिस का आरोप है कि इसी पार्लर की आड़ में ड्रग्स की सप्लाई और हथियारों की डीलिंग की जाती थी।
सूत्रों के मुताबिक, पार्लर में आने-जाने वाले कुछ चुनिंदा लोगों के जरिए नेटवर्क संचालित किया जाता था। पुलिस का दावा है कि ‘बॉबी कबूतर’ नामक शख्स के साथ मिलकर वह पूरे सिंडिकेट को संचालित कर रही थी।
लंबे समय से निगरानी में थी…
बताया जा रहा है कि स्पेशल टीम को काफी समय से इस नेटवर्क की सूचना मिल रही थी। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाए और फिर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि पुलिस ने अभी बरामदगी और नेटवर्क के पूरे विस्तार को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
गैंग कनेक्शन की पड़ताल…
जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि आरोपी महिला सीधे तौर पर गैंग लीडरों के संपर्क में थी या फिर स्थानीय स्तर पर नेटवर्क संभाल रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
