हमलावरों की गिरफ्तारी न किए जाने के विरोध में 24वे दिन भी रहा न्यायिक कार्यों से बहिष्कार, मिल रही है तारीख पर तारीख
(संवाददाता योगेन्द्र प्रताप सिंह, जलेसर)
जलेसर। एटा। उत्तर प्रदेश। जनपद एटा में तहसील परिसर जलेसर में तहसील बार एसोसियेशन के पूर्व अध्यक्ष नेत्रपाल बघेल एडवोकेट के साथ उनके गुदाऊ स्थित आवास में अन्दर घुसकर जानलेवा हमला करने वाले नामित अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं किए जाने के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन द्वारा न्यायिक कार्यों से किया जा रहा बहिष्कार शनिवार को 24वें दिन भी अनवरत जारी रहा। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्यों से बहिष्कृत किए जाने से वादकारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वादकारियों को न्याय की जगह सिर्फ तारीख पर तारीख मिल रही है। विदित हो कि गत 19 सितम्बर 2026 को शाम पौने सात अपने गांव गुदाऊ स्थित आवास पर थे।
नामजद आरोपियों द्वारा पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष नेत्रपाल बघेल एवं उनके भाई आदि परिजनों को गम्भीर रूप से घायल कर दिया गया था। सूचना मिलने पर तहसील बार के पदाधिकारी उठाकर लाए और थाना जलेसर में तहरीर दी गई थी। लेकिन थाना प्रभारी जलेसर द्वारा न तो तहरीर पर अपराध पंजीकृत किया गया और न ही इलाज के लिए मजरूआ चिठ्ठी दी गई गई थी। अगले दिन 20 सितम्बर 2026 को तहसील बार एसोसियेशन के अधिवक्ताओं के अनुरोध पर क्षेत्राधिकारी पुलिस जलेसर के हस्तक्षेप पर नामजद व कुछ अज्ञात के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। बार का आरोप है, कि मुकद्दमा में धारा 109 (1) गिरफ्तारी एवं नान-वेलेविल है। थाना पुलिस जलेसर द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन द्वारा गत 24 सितम्बर 2026 से सभी न्यायालयों के न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर दिया गया है। परिणाम स्वरूप बीते 24 दिनों से वादकारियों को तारीखों पर तो आना पड़ रहा है लेकिन उन्हें न्याय की जगह सिर्फ तारीख लेकर मायूस हो वापस लौट कर आना पड़ता हैं।
