गांव उज्जैपुर में हुई हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव उज्जैपुर में एक दिन पूर्व गली में पड़े मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
एटा के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के उज्जैपुर गांव में लहूलुहान हालत में मिले व्यक्ति के शव से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या गांव के ही शेर सिंह ने चारपाई की बाही से सिर में हमला करके हत्या को अंजाम दिया था।
पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए कहा कि मृतक दिनेश आदतन शराबी था और आयेदिन गांव के लोगों से गाली-गलौच, झगड़ा करता था उनको डराता-धमकाता था।
मृतक का शेर सिंह की बेटी से छेड़छाड़ के सम्बंध में अभियोग चल रहा था एवं इस घटना में वह जेल भी जा चुका था, लेकिन जेल से छूटने के बाद भी मृतक, शेर सिंह की बेटी से छेड़छाड़ करता था जिससे परेशान होकर उसने अपनी बेटी की शादी भी कर दी थी, शादी में भी मृतक दिनेश ने उत्पात मचाया था उसके बाद मृतक उसकी पत्नी पर भी गंदी नजर रखने लगा और शराब के नशे में उसके घर का दरवाजा पीटता रहता था।
आरोपी शेर सिंह के परिजनों के द्वारा मृतक दिनेश को समझाया गया था लेकिन इसके बावजूद भी वो नहीं माना।
जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
