कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा
एटा। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा शनिवार को जनपद के 11 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने प्रिंट्स गर्ल्स इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और नकलविहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तथा दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक हुई। पहली पाली में 3120 में से 2292 और दूसरी पाली में 2300 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 15 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 11 केंद्र व्यवस्थापक व 22 सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से की जा रही है तथा बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
