नव निर्माण के 9 वर्ष: एटा में जनकल्याणकारी योजनाओं का भव्य प्रदर्शन, लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ
सरकार की स्पष्ट नीति और साफ नीयत ने बदली एटा की तस्वीर
एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वर्णिम नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज जनपद एटा के कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी, लाभार्थीपरक जन हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी आमजन को प्रदान की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एटा सुधा गुप्ता द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इनमें प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाएं, प्रोबेशन विभाग की कन्या सुमंगला योजना एवं बाल सेवा योजना, उज्ज्वला योजना तथा किसान सम्मान निधि योजना आदि के लाभार्थी शामिल रहे। साथ ही 10 से अधिक दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल भी वितरित की गई। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 6 माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं गोद भराई का कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री जी के संबोधन तथा 9 वर्षों की उपलब्धि पर आधारित विकास पुस्तक विमोचन का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में दिखाया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि विगत 9 वर्ष केवल शासन का कार्यकाल नहीं, बल्कि गरीब कल्याण, सुशासन एवं तीव्र विकास की नई पहचान है। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख इंजन बन रहा है और एटा जनपद भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब नियत साफ, नीति स्पष्ट और नेतृत्व मजबूत हो, तो विकास रुकता नहीं, बल्कि तेज गति से आगे बढ़ता है।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सभी पात्र नागरिक सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और विकास यात्रा के सहभागी बनें, आज जनपद एटा प्रदेश में उन्नति के नए आयाम स्थापित कर रहा है जो भी विकास कार्य हुए हैं वह आज धरातल पर दिखाई दे रहे हैं, उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेंद्र प्रसाद, उपजिलाधिकारी पीयूष रावत, पुलिस उपाधीक्षक संकल्प दीप कुशवाहा, डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष,उपनिदेशक कृषि सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, जिला श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी राज बाबू,सहित अन्य अधिकारी गण, लाभार्थी, मीडिया बंधु एवं बड़ी संख्या में आमजन आदि उपस्थित रहे।
