खादी ग्रामोद्योग प्रोत्साहन योजनान्तर्गत ग्राम प्रधान सम्मान समारोह आयोजित
रुपए 2000 की धनराशि का चेक एवं अंग वस्त्र भेंट कर जिलाधिकारी द्वारा किया गया सम्मानित
एटा। खादी ग्रामोद्योग प्रोत्साहन योजनान्तर्गत ग्राम प्रधान सम्मान समारोह का आयोजन आज कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर अधिकतम लाभार्थियों को लाभान्वित करने वाले 15 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा चयनित ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र एवं 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले ग्राम प्रधानों में विकास खंड अवागढ़ की ग्राम पंचायत रोहिना मिर्जापुर की प्रधान विरमा देवी, सहनौआ के प्रधान कुशलपाल सिंह, विकास खंड सकीट के ग्राम पंचायत नगला बिके के प्रधान सुरजीत सिंह,विकास खंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत मजरा जात की प्रधान विमला देवी, मेनाठर के प्रधान अखिलेश कुमार, विकास खंड जैथरा की ग्राम पंचायत भाऊपुरा की प्रधान मोहरकली, विकास खंड जलेसर की ग्राम पंचायत ऊंचा गांव के प्रधान रामबाबू सिंह तथा सकरौली के ग्राम प्रधान पवन कुमार सहित अन्य ग्राम प्रधान शामिल रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा स्वरोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करें।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वि0रा0 लालता प्रसाद शाक्य,अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य, उप जिलाधिकारी राजकुमार मौर्य,जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक सिंह सहित अन्य अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆
