जनपद की तीनों तहसीलों में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
जनशिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत
एटा। शासन की मंशानुसार माह के तृतीय शनिवार को ईद पर्व के सार्वजनिक अवकाश के दृष्टिगत आज सोमवार को जनपद एटा की तीनों तहसीलों—एटा सदर, अलीगंज एवं जलेसर—में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन प्रभावी ढंग से सम्पन्न हुआ।
तहसील एटा सदर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/मुख्य विकास अधिकारी सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि शासन स्तर से शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फीडबैक लिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी प्रार्थनापत्र निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित न रहे। लेखपाल, बीट सिपाही एवं पंचायत सचिव नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह द्वारा पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील एटा सदर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील अलीगंज में उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता की अध्यक्षता में जनसमस्याएं सुनी गईं। यहां कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील जलेसर में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) लालता प्रसाद शाक्य ने उप जिलाधिकारी भावना विमल एवं अन्य अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई की। यहां कुल 04 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 01 शिकायत का निस्तारण मौके पर किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम श्वेता सिंह, पीयूष रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० राजेन्द्र प्रसाद, नायब तहसीलदार सुशील कुमार, वाजिद हुसैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
