गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत एटा में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
एटा। जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति एटा आर्यन गौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जनपद एटा में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गंगा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु गंगा स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, हस्ताक्षर अभियान एवं गंगा क्विज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुधा गुप्ता, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एटा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में विपिन कुमार वर्मा (आई.एफ.एस.), प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग एटा एवं आदित्य सक्सेना, क्षेत्रीय वन अधिकारी अलीगंज मौजूद रहे। मुख्य अतिथि सुधा गुप्ता ने अपने संबोधन में नमामि गंगे को नरेंद्र मोदी की फ्लैगशिप योजना बताते हुए कहा कि वर्ष 2014 से प्रारंभ इस मुहिम के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं और गंगा नदी पहले से अधिक निर्मल हो रही है।
जिला परियोजना अधिकारी आर्यन गौड़ ने नमामि गंगे के सभी आठ आयामों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नदियों को स्वच्छ करने से अधिक आवश्यक है कि हम स्वयं उन्हें प्रदूषित करने से बचें। इस अवसर पर ग्रीन कल्चर फाउंडेशन के अध्यक्ष दर्पण भारद्वाज द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ कपड़ों से बने थैलों का वितरण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को किया गया तथा उनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रतियोगिताओं में भाषण प्रतियोगिता में वैष्णवी ने प्रथम, छाया वर्मा ने द्वितीय एवं अंशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में अंशिका यादव प्रथम, मुस्कान द्वितीय एवं सोनिका तृतीय रहीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सुधा गुप्ता एवं डीएफओ विपिन वर्मा द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को टी-शर्ट एवं कैप वितरित की गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य दुर्वेश सिंह, शिक्षक संजीव कुलश्रेष्ठ, अध्यापिका विमलेश यादव, प्रेमलता, अर्चना सहित ग्रीन कल्चर फाउंडेशन से दर्पण भारद्वाज, अभिषेक भारद्वाज, नारायण मिश्रा, धीरज कुमार एवं हरि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामाजिक वानिकी प्रभाग एटा एवं ग्रीन कल्चर फाउंडेशन, एटा का विशेष सहयोग रहा।
