अफवाहों पर न दें ध्यान, जनपद में पेट्रोल-डीजल व गैस की पर्याप्त उपलब्धता : जिला प्रशासन सख्त निगरानी में
एटा। जनपद एटा में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सभी आवश्यक ईंधन पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुरक्षित रिजर्व मौजूद है। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशानुसार पेट्रोल-डीजल एवं गैस सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी एवं अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
इसी क्रम में उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह द्वारा पूर्ति विभाग की टीम के साथ फौजी गैस एजेंसी, सरदार गैस एजेंसी एवं दीपक गैस सर्विस का औचक निरीक्षण कर स्टॉक एवं वितरण व्यवस्था की जांच की गई, जो पूर्णतः संतोषजनक पाई गई। वहीं जलेसर तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी भावना विमल द्वारा भी गैस एजेंसियों के गोदामों एवं कार्यालयों का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता द्वारा पेट्रोल पंप पर जाकर डीजल एवं पेट्रोल की उपलब्धता एवं उनके भंडारण के संबंध में निरीक्षण कर बताया है कि वाहनों के संचालन के लिए पर्याप्त मात्रा में जनपद में डीजल पेट्रोल एवं सीएनजी उपलब्ध है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत के निस्तारण हेतु जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05742-234254 है। गैस बुकिंग से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित सैल्स ऑफिसर्स से भी संपर्क किया जा सकता है—
एचपीसीएल: 8839380230
आईओसीएल: 8004651251
बीपीसीएल: 9795223388
इसके अतिरिक्त क्षेत्रवार पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अंत में उन्होंने जनपदवासियों से पुनः अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। जनपद में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी एवं घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं पर्याप्त है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता हुआ पाया जाता है, तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें—ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों पर न दें ध्यान, जनपद में पेट्रोल-डीजल व गैस की पर्याप्त उपलब्धता : जिला प्रशासन सख्त निगरानी में
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
