रिक्रूट आरक्षियों के लिए साइबर क्राइम पर विशेष क्लास आयोजित
एटा। पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हाल में रिक्रूट आरक्षियों के लिए साइबर क्राइम के संबंध में एक विशेष क्लास का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सकीट/साइबर नीतीश गर्ग द्वारा अपने वक्तव्य के माध्यम से रिक्रूट आरक्षियों को साइबर अपराधों की वर्तमान प्रवृत्तियों, उनके लगातार बदलते तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं क्यूआर कोड के माध्यम से ठगी जैसी घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को सतर्क रहते हुए तकनीकी साक्ष्यों के संरक्षण, त्वरित व प्रभावी कार्रवाई तथा पीड़ितों को समय पर साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता दिलाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी महोदय द्वारा रिक्रूट आरक्षियों को साइबर अपराधों की शिकायत एवं निराकरण हेतु उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से साइबर अपराधों की ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। इसके अतिरिक्त चक्षु पोर्टल के माध्यम से संदिग्ध कॉल, एसएमएस एवं साइबर फ्रॉड की रिपोर्ट की जा सकती है।
उन्होंने सीईआईआर पोर्टल (CEIR) के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है, जबकि टैफकॉप पोर्टल (TAFCOP) के माध्यम से किसी व्यक्ति के नाम पर जारी फर्जी या अनधिकृत सिम कार्ड की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
साथ ही संचार सारथी पोर्टल के माध्यम से दूरसंचार से संबंधित विभिन्न सेवाओं एवं शिकायतों का समाधान संभव है।
साथ ही महोदय द्वारा बताया गया कि बैंकिंग एवं वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित मामलों में भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) शिकायत पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों एवं आपत्तिजनक कंटेंट के संबंध में संबंधित सोशल मीडिया शिकायत तंत्र के माध्यम से रिपोर्ट करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में साइबर अपराध के संबंध में प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जनपदीय साइबर सैल प्रभारी उ0नि0 दीक्षित कुमार सहित समस्त थानों के साइबर सैल प्रभारी व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
