एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० इलामारन जी द्वारा शुरू की गई एक नई पहल पर आज दिनांक 28.04.2026 को पुलिस लाइन एटा स्थित सम्मेलन कक्ष में वादी दिवस का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० इलामरन जी द्वारा वादी एवं विवेचक के मध्य बेहतर तालमेल एवं पंजीकृत अभियोगो के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के उद्देश्य की पूर्ति हेतु एक अनूठी पहल के तहत प्रथम जनपद स्तरीय वादी दिवस का आयोजन पुलिस लाइन के मीटिंग हॉल मे किया गया जिसमे जनपद के सकीट एवं नगर सर्किल के थानो से वादियों एवं संबंधित विवेचकों को बुलवाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रत्येक प्रकरण में वादियों के समक्ष ही संबंधित विवेचकों से विवेचना की प्रगति एवं अब तक की गई कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई एवं सम्बंधित मुकदमा वादी को भी अभियोग की प्रगति से अवगत कराया गया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा विवेचनाओं में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा वादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी विवेचक समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें तथा वादियों से नियमित संवाद बनाए रखें।
वादी दिवस के दौरान उपस्थित वादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया एवं उनके त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
