डीएम व एसएसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
एटा। तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जी द्वारा संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का व्यापक जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए निम्नलिखित बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई और संबंधित प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए,प्रथम पाली के उपरांत जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज में 480 के सापेक्ष 382 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 98 अनुपस्थित रहे,राजकीय इंटर कॉलेज में 240 के सापेक्ष 196 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 44 अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।सिविल डिफेंस के स्वयं सेवकों को भी प्रमुख चौराहों,बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों को जानकारी प्रदान करने एवं व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करने के लिए तैनात किया गया है।केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास के समय किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ से बचने के लिए सुव्यवस्थित लाइनिंग और बैरिकेडिंग प्रबंधन की समीक्षा की गई। परीक्षा कक्षों, लॉबी और मुख्य द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को परखा गया, ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की तीसरी आंख से कड़ी निगरानी की जा सके, अभ्यर्थियों की गहन जांच आईरिश स्कैनिंग के माध्यम से कड़ी जांच कर पूर्ण संतुष्टि के उपरांत ही केन्द्र में प्रवेश कराया जा रहा है,उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर धूप से बचाव हेतु पंडाल पेयजल,प्रकाश,पंखे,शौचालय तथा बैठने की समुचित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
अधिकारीद्वय द्वारा ड्यूटी पर लगाए गए संबन्धित को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अफवाह फैलाने वाले या शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक डॉ0 बी. बी. एस परिहार,सुरेश चंद्र सहित अन्य प्रशासनिक/ पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।
