जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के प्रयासों को मिली सफलता: जनपद एटा को मिला पाइप्ड लाइन पीएनजी आपूर्ति का तोहफा
नेहरू नगर के तीन घरों में पहुंची PNG गैस, स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एटा ने बढ़ाया कदम
डीएम के निर्देशों के बाद एचपीसीएल ने शुरू की घरेलू गैस आपूर्ति, जल्द पूरे शहर को मिलेगा लाभ
एटा। जनपद एटा में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आज नगर क्षेत्र में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति का शुभारंभ कर दिया गया। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के विशेष प्रयासों एवं सतत अनुश्रवण के परिणामस्वरूप नेहरू नगर क्षेत्र के तीन घरों में पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा कुछ समय पूर्व इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता के माध्यम से आयोजित कर संबंधित गैस कंपनियों को निर्देश दिए गए थे कि जनपदवासियों को शीघ्र घरेलू पाइप्ड गैस सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में एचपीसीएल द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए आज गैस आपूर्ति प्रारंभ की गई।
नगर पालिका परिषद एटा की अध्यक्षा सुधा गुप्ता, अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका निहाल सिंह, एचपीसीएल के यूपी-उत्तराखंड सीजीडी हेड पी. आनंद विक्टर तथा एटा-फर्रुखाबाद-हरदोई जीए के प्रमुख एम.एस.पी. पोलिमेरा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एचपीसीएल द्वारा प्रथम चरण में नेहरू नगर क्षेत्र में घरेलू पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। श्रीमती सुषमा देवी पत्नी वीरपाल सिंह, श्रीमती अंजू देवी पत्नी अरविंद कुमार तथा श्रीमती विमलेश देवी पत्नी विदिश कुमार के आवासों पर पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति प्रारंभ की गई, जिससे एटा जनपद में घरेलू पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर बताया गया कि शीतलपुर में स्थापित अत्याधुनिक डिस्ट्रिक्ट रेगुलेटिंग स्टेशन (डीआरएस) के माध्यम से शहर में सुरक्षित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। आगामी चरणों में आवास विकास कॉलोनी, किदवई नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी घरेलू पाइप्ड गैस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि पाइप्ड नेचुरल गैस के माध्यम से उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग एवं रिफिलिंग की चिंता से मुक्ति मिलेगी तथा 24×7 सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती गैस आपूर्ति उपलब्ध होगी। मीटर आधारित बिलिंग, आधुनिक सुरक्षा मानक तथा निरंतर आपूर्ति इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जनपदवासियों को आधुनिक एवं स्वच्छ ऊर्जा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। पाइप्ड नेचुरल गैस परियोजना से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एचपीसीएल के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे एटा शहर के विकास एवं स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया तथा नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में पीएनजी कनेक्शन अपनाने का आह्वान किया है।
