प्रेशर कुकर से वार करके पत्नी का किया क़त्ल.. पति अरेस्ट
फतेहपुर में शिक्षक पति पर पत्नी की हत्या का आरोप, अवैध संबंध के शक ने बढ़ाई थी रिश्तों में दूरिया
उत्तर प्रदेश फतेहपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। जिस घर के आंगन में रोजमर्रा के काम होते थे, वहीं पत्नी की जिंदगी का अंत हो गया। आरोप है कि सरकारी स्कूल में शिक्षक दिलीप यादव ने अपनी पत्नी शिवानी की हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि शिवानी घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थी। इसी दौरान दिलीप ने प्रेशर कुकर से उसके सिर पर वार किए। आरोप है कि इसके बाद उसका सिर पानी में डुबो दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
शक ने पति-पत्नी के रिश्ते में घोला था जहर
पुलिस के मुताबिक, दिलीप को शक था कि शिवानी के किसी दूसरे पुरुष से अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगे थे। शक बढ़ता गया और रिश्तों में भरोसे की जगह तनाव ने ले ली।
शिवानी एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी, जबकि दिलीप सरकारी स्कूल में शिक्षक है। दोनों का आठ साल का बेटा भी है। अब उस मासूम के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस घर में मां-पिता दोनों साथ थे, वहां अचानक मां क्यों नहीं रही।
आरोपी पति गिरफ्तार..
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति दिलीप यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।
शक रिश्ते को कमजोर कर सकता है, लेकिन जब शक हिंसा में बदल जाए तो उसका सबसे दर्दनाक असर पूरे परिवार पर पड़ता है। फतेहपुर की यह घटना इसी कड़वी हकीकत को सामने लाती है।
