सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
एटा। माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशानुसार एवं महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार, जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में आज दिनांक 07 सितंबर 2026 को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम द्वारा सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, चमकरी, आगरा रोड में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान एवं मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं, जिनमें महिला सशक्तिकरण एवं नारी शक्ति पर आधारित प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके जीवन में शिक्षा एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अजयपाल सिंह द्वारा विद्यार्थियों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न बाल एवं महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
वहीं प्रभारी चाइल्ड हेल्पलाइन श्रीमती ज्योति शर्मा ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 1098 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी बच्चे को परेशानी, हिंसा, शोषण, बाल विवाह अथवा असुरक्षा की स्थिति में 1098 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष आनंद पांडेय, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर अंकिता सक्सेना, काउंसलर सपना तोमर, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा चौहान, विद्यालय की प्रिंसिपल सिस्टर धान्या, रिटायर्ड प्रिंसिपल सिस्टर रानी जोसेफ, वरिष्ठ शिक्षिकाएं नीलम भदौरिया एवं भारती यादव सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण, बाल अधिकार, बाल सुरक्षा एवं मिशन शक्ति के प्रति जागरूक करते हुए बालिकाओं को शिक्षा एवं समान अवसर प्रदान करने तथा सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
