मसूरी घूमने जा रहे आगरा के 5 दोस्तों की थार सहारनपुर में पलटी, 3 की मौत
डिवाइडर से टकराकर दूसरी ओर पलटी गाड़ी, दो दोस्त गंभीर घायल; हादसे में थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
UP के सहारनपुर में रविवार तड़के भीषण सड़क हादसे में आगरा के तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों दोस्त थार गाड़ी से मसूरी घूमने जा रहे थे। हादसा नागल थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बेलड़ा जुनारदार के पास गोलचक्कर पर हुआ।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पांचों दोस्त शनिवार रात आगरा से मसूरी के लिए रवाना हुए थे। रविवार तड़के करीब चार बजे उनकी थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी डिवाइडर पार करते हुए दूसरी ओर पलट गई। हादसे में थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तीन दोस्तों की मौत, दो घायल..
हादसे में साहिल तिवारी (25), राहुल कुमार और सक्षम उपाध्याय (22) की मौत हो गई। वहीं, सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।
चालक को झपकी आने की आशंका..
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय थार हेमंत चला रहा था और सचिन आगे की सीट पर बैठा था। तीनों मृतक पीछे बैठे थे। रिपोर्ट्स में चालक को झपकी आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होने की आशंका जताई गई है।
