- डीएम एम. अरुन्मोली एवं अध्यक्ष नगर पालिका एटा सुधा गुप्ता ने कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का किया शुभारंभ
—————————————–
जन जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 07 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्काउट गाइड ने लिया भाग
एटा। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद एटा में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली एवं मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एटा सुधा गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद द्वारा जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, स्काउट गाइड एवं आमजन को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता तथा जनजागरूकता के संबंध में शपथ दिलाई गई। इस दौरान लोगों को अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव न होने देने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
जनजागरूकता रैली में 07 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्काउट गाइड सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से स्वच्छता अपनाने, मच्छरजनित रोगों से बचाव, जलभराव की रोकथाम तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता एवं जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। घरों एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी एकत्रित न होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए विभिन्न विभागों के साथ-साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता भी आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा जनसामान्य को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर संचारी रोगों के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है।
अभियान के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इनमें साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना तथा आमजन को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना प्रमुख रूप से शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मा0 अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एटा सुधा गुप्ता ने भी स्वच्छता एवं संचारी रोगों से बचाव के लिए जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आमजन से अपने घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने तथा नगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद ने संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेना आवश्यक है। उन्होंने अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, 07 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्काउट गाइड एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
“स्वच्छता को बनाएं आदत, संचारी रोगों से रखें दूरी—जनभागीदारी से बनेगा स्वस्थ एवं सुरक्षित एटा।”
