निर्माणाधीन मंदिर गिराने पहुंची MDA की टीम, महिलाओं ने शुरू किया भजन-कीर्तन..सत्याग्रह देख बैरंग लौटी टीम
UP में मेरठ- परतापुर क्षेत्र के एयरपोर्ट एंक्लेव में निर्माणाधीन मंदिर पर कार्रवाई करने पहुंची MDA की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध के चलते बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। टीम के मौके पर पहुंचते ही महिलाओं ने भजन-कीर्तन शुरू कर दिया और मंदिर पर कार्रवाई का विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि MDA की टीम मंदिर को गिराने के लिए पहुंची थी। मौके पर स्थानीय पुलिस बल मौजूद नहीं था। कार्रवाई शुरू करने की कोशिश होते ही महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए विरोध शुरू कर दिया।
कुछ ही देर में पार्षद पुत्र आकाश काशी, मंदिर कमेटी के सदस्य और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ बढ़ गई। लोगों ने MDA की कार्रवाई का विरोध करते हुए मंदिर पर कार्रवाई नहीं करने की मांग की।
विरोध बढ़ता देख MDA की टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई। फिलहाल मंदिर पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि मंदिर को लेकर आगे भी विरोध जारी रहेगा।
