जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कृषि यंत्रों की द्वितीय चरण की ई लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न
शासन की मंशा के अनुरूप पात्र कृषकों को कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए लॉटरी प्रक्रिया से किया गया चयन
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि विभाग द्वारा विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से द्वितीय चरण की लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई। जिलाधिकारी ने शासन की मंशा के अनुरूप पात्र कृषकों को कृषि यंत्रों का लाभ उपलब्ध कराने के लिए चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं ईमानदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप कृषि निदेशक सुमित पटेल ने बताया कि प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना के अंतर्गत हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर एवं हाइड्रोलिक रिवर्सिबल एमबी प्लाउ सहित चार प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए लॉटरी निकाली गई। इसके अतिरिक्त कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत सेल्फ प्रोपेल्ड राइस ट्रांसप्लांटर, पावर ऑपरेटेड चैफ कटर, मिनी राइस मिल, कल्टीवेटर एवं पावर वीडर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कृषकों का लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 21 अगस्त 2026 को प्रथम चरण की लॉटरी संपन्न हुई थी। आज आयोजित द्वितीय चरण की लॉटरी में प्रथम चरण के उपरांत अवशेष रह गए कृषि यंत्रों के सापेक्ष कृषकों के चयन की कार्रवाई पूर्ण की गई।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने कृषि विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप पात्र कृषकों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ उपलब्ध कराया जाए। चयन एवं वितरण की समस्त प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि वास्तविक पात्र कृषकों को योजना का लाभ मिल सके। इन योजनाओं से आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा मिलने के साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन, कृषि कार्यों में श्रम एवं लागत की बचत तथा कृषि उत्पादकता में वृद्धि को प्रोत्साहन मिलेगा।
पलॉटरी प्रक्रिया के दौरान उप कृषि निदेशक सुमित पटेल, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक केनरा बैंक सौरभ वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के हेड वैज्ञानिक डॉ. दिनेश मिश्रा, उद्यान विभाग के प्रतिनिधि आनन्द कुमार,प्रगतिशील कृषक एवं एफपीओ के सदस्य उपस्थित रहे।
