यातायात जागरूकता अभियान: यातायात पुलिस द्वारा छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक, सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की दिलाई शपथ
एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामारन जि. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय व अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के निकट पर्यवेक्षण में आज दिनांक 03.11.2026 को “यातायात जागरूकता माह” के अंतर्गत यातायात पुलिस एटा द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय हरचंदपुर मलावन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा छात्राओं को यातायात नियमों के महत्व एवं सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। छात्राओं को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं को पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने के संबंध में जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस द्वारा शहर एवं प्रमुख मार्गों पर आमजन को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता बताते हुए हेलमेट न लगाने से होने वाली दुर्घटनाओं एवं गंभीर चोटों के प्रति सचेत किया गया। वहीं चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरस्पीडिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस द्वारा आमजन को संदेश दिया गया कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। ‘जान है तो जहान है’ एवं ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ के संदेश के साथ सभी नागरिकों से यातायात नियमों को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर प्रभारी यातायात अब्दुल कादिर एवं निरीक्षक यातायात अनिल कुमार वर्मा तथा प्रधानाचार्या श्रीमती लक्ष्मी द्विवेदी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
