दीपावली पर जनपद के 1,74,934 उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर की सौगात
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में आयोजित हुआ कार्यक्रम, लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित
राज्य सरकार द्वारा 653 रुपये तथा केंद्र सरकार द्वारा 318रुपये की सब्सिडी का मिलेगा लाभ
एटा। दीपावली पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा आज लखनऊ स्थित लोकभवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जनपद एटा में भी जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया तथा उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लाभार्थी महिलाओं को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लाभार्थियों को इसका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता ने जानकारी दी कि जनपद एटा के कुल 1,74,934 उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को दीपावली के अवसर पर इस योजना का लाभ प्राप्त होगा। योजना के अंतर्गत वर्ष में दो बार लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर की सुविधा प्रदान की जाती है। इसके तहत राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक उज्ज्वला कनेक्शन धारक के खाते में 653 रुपये की सब्सिडी तथा केंद्र सरकार द्वारा 318रुपये की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सुधा गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय नारायण सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता, खाद्य निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाएं आदि उपस्थित रहीं।
