वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत ‘रैली फॉर एनवायरनमेंट’ का आयोजन, नितिन गौतम व परी यादव बने ‘नेचर सेवियर’
एटा। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग, एटा द्वारा श्री राम बाल भारती इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के सहयोग से “रैली फॉर एनवायरनमेंट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के साथ जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कक्षा 11 के छात्र नितिन गौतम एवं छात्रा परी यादव का चयन “प्रकृति रक्षक (Nature Saviour)” के रूप में किया गया। दोनों छात्र-छात्राओं का दायित्व अपनी कक्षा के सभी विद्यार्थियों के माध्यम से वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधों का रोपण कराना, लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करना तथा विद्यालय एवं अपने आसपास के लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण जनजागरूकता अभियान से जोड़ना होगा।
इस अवसर पर नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी आर्यन गौड़ ने बताया कि चयनित नेचर सेवियर विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के युवा नेतृत्वकर्ता के रूप में कार्य करेंगे। उनका प्रमुख दायित्व अधिक से अधिक पौधों का रोपण कराना, उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना तथा अपनी कक्षा के सभी विद्यार्थियों को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 से जोड़कर प्रत्येक विद्यार्थी के माध्यम से पौधारोपण सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यालय में ऐसे प्रकृति रक्षक तैयार किए जाएं तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान एक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधाचार्य दुर्वेश यादव, अध्यापक संजीव एवं अनिल सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
