जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ बृहद गौ संरक्षण केन्द्र भदुआ में विधि-विधान से किया गोवर्धन एवं गौ पूजन
गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ उनकी बेहतर देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता: जिलाधिकारी
गौ संरक्षण केन्द्र का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
एटा।
गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने आज मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र के साथ विकास खण्ड निधौली कलां की ग्राम पंचायत भदुआ स्थित बृहद गौ संरक्षण केन्द्र में विधि-विधानपूर्वक गोवर्धन पूजा एवं गौपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए गौसेवा को भारतीय संस्कृति, आस्था एवं सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण अंग बताया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बृहद गौ संरक्षण केन्द्र का निरीक्षण कर वहां गौवंश के रखरखाव, चारे की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गौवंश को उनकी आवश्यकता के अनुरूप अलग-अलग निर्धारित शेड में रखा जाए तथा उनके लिए समय से पर्याप्त हरे चारे एवं भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र में पहले से स्थापित सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की तथा उनकी रिकॉर्डिंग भी देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे निरंतर क्रियाशील रहें तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
पशुओं के विचरण स्थल पर पानी एकत्रित होने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जलभराव के कारणों की जानकारी ली। पाइपलाइन में ड्रेनेज संबंधी समस्या के कारण पानी इकट्ठा होने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को पाइपलाइन एवं जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि परिसर में जलभराव न हो और गौवंश को स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके, उन्होंने भूसा संग्रहण केंद्र की चहारदीवारी दुरुस्त कराकर फर्श को पक्का करवाये जाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौ संरक्षण केन्द्र में साफ-सफाई, चारा-पानी, सुरक्षा एवं पशुओं की समुचित देखभाल की व्यवस्था निरंतर सुनिश्चित रखी जाए। गौवंश के संरक्षण एवं उनके बेहतर रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आर0पी0 शर्मा,खंड विकास अधिकारी निधौली कलां,पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पुत्तू सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
