डांसरो क़े 12 लाख ₹ व ज़ेवर चोरी क़े आरोपी ने ट्रेन क़े आगे कूदकर जान दी.. वीडियो में बताया सुसाइड का राज़, 2 आर्केस्ट्रा डांसर नामज़द
UP की राजधानी लखनऊ में 38 वर्षीय स्कॉर्पियो चालक मनीष देशराज उर्फ छोटू की मौत के मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनीष ने मौत से पहले छह वीडियो बनाए थे। इनमें उसने पुलिस पर गाली-गलौज, प्रताड़ना और एनकाउंटर की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए थे। इस केस की जाँच पुलिस क़े सीनियर अधिकारी को सौंप दी गई है।
मनीष के मुताबिक, आर्केस्ट्रा में काम करने वाली नेहा और सपना ने उस पर 12 लाख रुपये और जेवर चोरी करने का झूठा आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि पुलिस उसे चौकी ले गई और वहां गाली-गलौज करते हुए चोरी कबूल करने का दबाव बनाया गया। मनीष ने वीडियो में दावा किया कि जुर्म स्वीकार नहीं करने पर पुलिसकर्मियों ने एनकाउंटर करने की धमकी दी।
वीडियो में मनीष ने अपनी पत्नी, बच्चों, मां और भाई-बहनों से माफी भी मांगी थी।
परिजनों के अनुसार, 8 नवंबर की रात मनीष ने भुंवर पुल के नीचे ट्रेन के सामने आकर जान दे दी। भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
दो महिलाओं पर मुकदमा, पुलिस की भूमिका की जांच
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मनीष को प्रताड़ित करने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच एसीपी काकोरी को सौंपी गई है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी जिम्मेदारी
मनीष के वीडियो में लगाए गए आरोपों और पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच अब इस मामले का अहम पहलू है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
