एटा पुलिस की सख्ती, मंदिरों में मूर्ति खंडन के दो मामलों का त्वरित खुलासा
जनपद एटा में धार्मिक भावनाएं आहत करने की घटनाओं पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों का तेजी से अनावरण किया है। अवागढ़ व जलेसर थाना पुलिस ने कुल चार अभियुक्तों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया है।
■ थाना अवागढ़ क्षेत्र के ग्राम नगला किशन सिंह स्थित शिव मंदिर में हनुमान जी, दुर्गा मां व नंदी बाबा की मूर्तियों को खंडित किए जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को संजय पुत्र कुबेर सिंह द्वारा तहरीर दी गई थी। पुलिस ने मु0अ0सं0 301/2025 धारा 324, 298 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर अभियुक्त अमित पुत्र शेरपाल सिंह निवासी नगला किशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
■ वहीं थाना जलेसर क्षेत्र के ग्राम पिलखतरा मोड़ के पास स्थित शिव मंदिर में रखी हनुमान जी की मूर्ति को खंडित किए जाने की घटना सामने आई। वादी सज्जन पाल पुत्र चेतराम द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना जलेसर पर मु0अ0सं0 546/2025 धारा 298 भादवि के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों—
1. जितेन्द्र पुत्र दुर्गपाल (51 वर्ष) निवासी ग्राम पिलखतरा
2. नारायन पुत्र ओमप्रकाश उर्फ उमा (45 वर्ष) निवासी ग्राम नगला रामबक्श
3. भूरे उर्फ घूरे पुत्र बेदू उर्फ बेदप्रकाश (48 वर्ष) निवासी ग्राम डहरुआ, जनपद मथुरा
को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि नारायन द्वारा मांगी गई मन्नत पूरी न होने के कारण घटना को अंजाम दिया गया।
दोनों ही मामलों में एटा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जनपद पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
