संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जन जागरूकता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव: जिलाधिकारी
एटा। जनपद एटा में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 01 अप्रैल से प्रारंभ हो रहे संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट गेट से किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह एवं नगर पालिका परिषद एटा की अध्यक्षा सुधा गुप्ता द्वारा फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया गया।इस दौरान संचारी रोगों के नियंत्रण से संबंधित शपथ भी ग्रहण कराई गई तदोपरांत रैली में उपस्थित जनो को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छता,स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहकर ही डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फसली बुखार जैसे रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत सभी निर्धारित गतिविधियों को पूरी गंभीरता एवं समन्वय के साथ संचालित किया जाए।नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी तय किए गए माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करें।
नगर पालिका परिषद अध्यक्षा सुधा गुप्ता ने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया तथा आमजन से भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के वॉलंटियर एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए जन जागरूकता रैली के माध्यम से संचारी रोगों से बचाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि
अभियान के अंतर्गत जनपद में साफ-सफाई, जलभराव निस्तारण, कीटनाशक छिड़काव, स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा, जिससे आमजन को संचारी रोगों से सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 मनवीर सिंह, प्रभारी अधिकारी संचारी रोग लोकमन सिंह, यूनिसेफ के प्रतिनिधि राहुल चतुर्वेदी, ई0 ओ0 नगर पालिका परिषद एटा निहाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जन जागरूकता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव: जिलाधिकारी
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
