मंडलायुक्त अलीगढ़ मण्डल ने जिले में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया विशेष जोर
एटा। मंडलायुक्त अलीगढ़ मण्डल अलीगढ़ संगीता सिंह ने आज जनपद एटा के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन एवं संचालित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं तथा किसी भी दशा में मानकों से समझौता न किया जाए।
मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस द्वारा नगर पालिका परिषद एटा हेतु लगभग 6.59 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कम्युनिटी सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 30.6 प्रतिशत है तथा इसे फरवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। इस पर मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सरिया एवं सीमेंट का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए तथा थर्ड पार्टी से गुणवत्ता की जांच भी कराई जाए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के उपरांत कम्युनिटी सेंटर में सोलर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया जाए, जिससे यह ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सके,वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को भी साथ ही तैयार करें, उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्माण कार्य में आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, लखनऊ द्वारा कारागार विभाग के अंतर्गत जेल रोड स्थित 06 नग (टाइप-2) आवासों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 1.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना में 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है।उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्देशित किया कि टाइल्स, विद्युत कार्य एवं बाथरूम फिटिंग में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जाए तथा कार्य को पूर्ण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार का अधोमानक कार्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने मंडलायुक्त महोदया को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों के दौरान उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा मौके पर जाकर समय समय पर निरीक्षण किया जाएगा।
मंडलायुक्त द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना की गई। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज में पूर्व छात्रों द्वारा कराए जा रहे पुराने भवन के जीर्णोद्धार कार्य का भी अवलोकन किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने संबंधित संस्था के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य में सहयोग देने वाले पूर्व छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त अलीगढ़ मण्डल मंशा राम यादव, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य, प्रभारी जेल अधीक्षक के. पी. चंदीला,उप जिलाधिकारी सदर स्वेता सिंह, तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार,ई ओ नगर पालिका परिषद एटा निहाल सिंह,सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता आदि उपस्थित रहे।
