सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को डीएम ने दिए सख्त निर्देश, अवैध कट बंद कराने एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर
एटा। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा मार्ग दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से प्रतिमाह आयोजित होने वाली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर आवश्यक संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हाईवे पर खुले सभी अवैध कटों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंधेरे के दौरान होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जहां-जहां स्ट्रीट लाइट स्थापित हैं, उन्हें तत्काल सही कराया जाए तथा जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं वहां आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्गों के मोड़ एवं घुमावदार स्थलों पर रेडियम स्ट्रिप लगाए जाने के निर्देश दिए ताकि वाहन चालकों को रात्रि में मार्ग स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर कम करने हेतु हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एआरटीओ को निर्देशित किया कि बिना वैध परमिट संचालित विद्यालय वाहनों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त बिना पंजीकरण एवं बीमा के संचालित ई-रिक्शाओं पर भी विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में आगरा रोड एवं वसुंधरा क्षेत्र में नव निर्मित सीसी मार्गों की साइड पर मिट्टी डलवाकर लेवल समान कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
जिलाधिकारी ने रोडवेज बस स्टैंड के आसपास लगने वाले जाम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एआरएम रोडवेज एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कटों को नगर पालिका के सहयोग से बंद कराया जाए तथा चालक एवं परिचालकों को निर्देशित किया जाए कि बसों में सवारियां बस स्टैंड परिसर के भीतर से ही बैठाई जाएं। उन्होंने कहा कि मार्ग पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0रा0 लालता प्रसाद शाक्य,अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश,अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, एआरटीओ सत्येंद्र माथुर, एआरएम रोडवेज नरेश चंद्र गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश नागर, टीआई अब्दुल कादिर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ललित अग्रवाल द्वारा किया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को डीएम ने दिए सख्त निर्देश, अवैध कट बंद कराने एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर
अमित माथुर - उप संपादक कलप्रिट तहलका
Leave a Comment
Leave a Comment
