दानवीर भामाशाह की जयंती पर मना “व्यापारी कल्याण दिवस”
उत्कृष्ट करदाताओं को किया गया सम्मानित, व्यापारियों से स्वैच्छिक कर अनुपालन का आह्वान
भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं लोककल्याण के आदर्शों को अपनाने का संदेश
एटा। शासन की मंशानुसार जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के मार्गदर्शन में दानवीर शिरोमणि भामाशाह की जयंती के उपलक्ष्य में जनपद एटा में “व्यापारी कल्याण दिवस” का आयोजन होटल इन्द्रप्रस्थ, रेलवे रोड, एटा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद के व्यापारिक संगठनों, करदाताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक विपिन कुमार वर्मा ‘डेविड’ रहे, जबकि नगर पालिका परिषद एटा की अध्यक्षा सुधा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल अशोक सर्राफ, नगर अध्यक्ष व्यापार मंडल अतुल राठी, जिला अध्यक्ष उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल एटा विजय गुप्ता, प्रदेश संयुक्त महामंत्री संजीव वार्ष्णेय, प्रदेश उपाध्यक्ष (युवा) प्रदीप भामाशाह सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिवक्ता, करदाता एवं प्रतिष्ठित व्यापारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद के 08 प्रमुख करदाताओं को उत्कृष्ट कर अनुपालन एवं राज्य के राजस्व में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।विधायक सदर ने कहा कि ईमानदार करदाता राष्ट्र निर्माण के सशक्त सहभागी होते हैं तथा उनके योगदान से विकास योजनाओं को गति मिलती है।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने दानवीर शिरोमणि भामाशाह के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना समस्त धन राष्ट्र एवं समाज हित में समर्पित कर त्याग, दानशीलता और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की। महाराणा प्रताप के संघर्ष के कठिन समय में भामाशाह द्वारा प्रदान की गई आर्थिक सहायता ने मेवाड़ के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन समाज सेवा, लोककल्याण एवं राष्ट्र समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. हरि सिंह द्वारा दानवीर भामाशाह के जीवन एवं चरित्र पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनों ने अत्यंत सराहा।
मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने व्यापारियों एवं करदाताओं से स्वैच्छिक कर अनुपालन करते हुए प्रदेश एवं राष्ट्र के विकास में निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया तथा भामाशाह के त्याग, सेवा एवं राष्ट्रहित के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में राज्य कर विभाग की ओर से उपायुक्त राकेश प्रताप राव एवं उपायुक्त विजय कुमार उपस्थित रहे। उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में राज्य कर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन संपन्न कराया गया।
