मतदाता सुविधा सर्वोपरि, बूथों के संभाजन पर राजनीतिक दलों से मांगे गए सुझाव
12 सौ से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के संभाजन एवं स्थान परिवर्तन प्रस्तावों पर हुई विस्तृत चर्चा
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई बैठक
एटा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार मतदान 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के संभाजन (रैशनलाइजेशन) के संबंध में प्रस्ताव तैयार किए जाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, तहसीलदारों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में मतदान केंद्रों के संभाजन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से ऐसे मतदान केंद्र, जहां 1200 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, उनके संभाजन हेतु प्रस्ताव तैयार करने पर चर्चा की गई। साथ ही ऐसे मतदान केंद्र, जिनके भवन अनुपयुक्त अथवा असुविधाजनक हैं, उनके स्थान परिवर्तन के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे गए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मतदाता को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक मतदान की व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मतदान केंद्रों के संभाजन एवं आवश्यकतानुसार स्थान परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सहभागिता से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सुझावों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर समयबद्ध रूप से अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता, उप जिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत, तहसीलदार जलेसर संदीप सिंह, निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक मनोज कुमार, रघुराज सिंह, जितेंद्र कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री सुशील कुमार गुप्ता, माकपा के राजाराम यादव, कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह यादव, आम आदमी पार्टी के सोनू कुमार, बहुजन समाज पार्टी के विजय सिंह, भाजपा के धर्मेंद्र राजपूत, ज्ञान सिंह बघेल, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष परवेज जुबेरी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहे।
