जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश गांधी ने किया राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी पद के लिए आवेदन
जिम्मेदारी मिली तो पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करूंगा दायित्व का निर्वहन, एक रुपए की नहीं होने दूंगा चोरी
सब एडिटर: अमित माथुर
एटा। जिले के जाने-माने प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश गांधी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, अयोध्या के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए आवेदन किया है।
प्रसिद्ध समाजसेवी राकेश गांधी द्वारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट में आवेदन करने के बाद जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है, बता दें राकेश गांधी के नगरपालिका अध्यक्ष रहते हुए नगरपालिका क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की प्रशंसा जनता करते नहीं थकती साथ ही समाजसेवी के तौर पर तमाम निर्धन बेटियों का विवाह कराने के अलावा सर्वसमाज में अपने व्यवहार के चलते सबके प्रिय बने रहते हैं।
जिले में उनकी लोकप्रियता बच्चों से लेकर बुजुर्गों में है यही कारण है एक बार स्वयं और दूसरी बार में उनकी पत्नी श्रीमती मीरा गांधी ने नगरपालिका का चुनाव जीत कर इतिहास रचा है।
गुरुवार को समाजसेवी एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने 10 वर्षों तक नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है तथा 29 वर्षों तक विद्यालय प्रबंधक रहते हुए प्रशासनिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर से जुड़े कार्यों तथा छात्र-छात्राओं के हित में भी लगातार कार्य करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि उन्हें ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में सेवा का अवसर मिलता है तो वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। गांधी ने यह भी कहा कि इस पद पर नियुक्ति मिलने के बाद वह अपने पारिवारिक जीवन से संन्यास लेकर स्वयं को पूर्ण रूप से राम मंदिर ट्रस्ट की सेवा के लिए समर्पित कर देंगे।
राकेश गांधी ने कहा कि वह ट्रस्ट के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या हेरफेर नहीं होने देंगे।
