ऑनर किलिंग! प्रेमी से शादी करना चाहती थी 17 साल की किशोरी, मां-मामा ने मिलकर कर दी हत्या
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में 17 साल की किशोरी की कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी की मां कमला और मामा विजय राय पर उसकी हत्या का आरोप है। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, करीब छह महीने पहले किशोरी की मां ने उसकी शादी के लिए एक रिश्ता तय किया था और सगाई भी पक्की हो गई थी। लेकिन किशोरी इस रिश्ते से खुश नहीं थी। बताया जा रहा है कि वह किसी दूसरे युवक से प्रेम करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर घर में मां-बेटी के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
मोबाइल में तस्वीर देखने के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन मां ने किशोरी के मोबाइल फोन में एक युवक की तस्वीरें देख लीं। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मां ने अपने भाई विजय राय के साथ मिलकर किशोरी की जान ले ली।
