मेडिकल कॉलेज एटा में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर हुआ ध्वजारोहण, स्वच्छता अभियान के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश
एटा। वीरांगना अबन्तीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में 02 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय एकता, सत्य, अहिंसा, सादगी एवं स्वच्छता के मूल्यों को आत्मसात करने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह द्वारा कॉलेज परिसर में ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात सभी उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। इसके उपरांत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सेवा का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थान में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक चिकित्सक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी का सामूहिक दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता एवं स्वच्छ परिसर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानाचार्य के नेतृत्व में फैकल्टी सदस्यों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं एमबीबीएस विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी है। चिकित्सा संस्थान में स्वच्छता का विशेष महत्व है, क्योंकि स्वच्छ वातावरण रोगों की रोकथाम, संक्रमण नियंत्रण तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए बेहतर स्वास्थ्य वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में डॉ. विवेक पराशर, आचार्य; डॉ. प्रशांत भारद्वाज, सह आचार्य; डॉ. जोगेन्द्र कुमार, सह आचार्य; डॉ. मंजरी कुमारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी; डॉ. साधना सिंह, सहायक आचार्य; डॉ. अर्चना यादव, सहायक आचार्य; डॉ. मंजेश कुमार, सहायक आचार्य; डॉ. योगेंद्र सिंह, सहायक आचार्य; डॉ. संतोष कुमार सहित समस्त फैकल्टी सदस्य, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट, समस्त कर्मचारी तथा एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वच्छता, सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्रहित की भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
