ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फूड पॉइजनिंग की आशंका
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नंगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों में माता-पिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्यों ने रात में मैगी और चाय का सेवन किया था। इसके बाद सभी सो गए। सुबह पांचों के मृत मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे परिवार मेला देख के घर लौटा। घर पहुंचने पर खाने में नूडल और चाय बनाई है। इसके बाद परिवार के सभी लोगों ने एक साथ मैगी और चाय का सेवन किया और सोने चले गए। सुबह जब परिवार के पांचों सदस्य मृत मिले, तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में किसी खाद्य पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि खाने के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच के बाद ही पांचों लोगों की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
