मंदिर में खूनी वारदात: 81 वर्षीय पुजारी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंदिर के भीतर रहने वाले 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानन्द भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भौराकलां थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज स्थित शिव मंदिर में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बाइक सवार हमलावरों पर हत्या को अंजाम देने का आरोप है।
स्वामी देवानन्द भारती शिव मंदिर में रहते थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए DIG अभिषेक सिंह और SSP सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की जानकारी ली।
परिचितों पर भी पुलिस की नजर..
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाले लोग मृतक के परिचित हो सकते हैं। हालांकि, हत्याकांड के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
खुलासे के लिए तीन टीमें गठित…
हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने के लिए SOG, सर्विलांस और भौराकलां पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
