सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और किसानों को खाद आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए गए सख्त निर्देश
मैनपुरी 17 अक्टूबर (अजय किशोर) पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मैनपुरी में जन-समस्याओं की सुनवाई के दौरान अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने हाल ही में चक्रवात, अतिवृष्टि और जल-भराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई जनपद की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा उन्हें गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, 18 अक्टूबर से हर हाल में सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू करने और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के आदेश दिए गए हैं।
कृषि और खाद व्यवस्था को लेकर पर्यटन मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुसार निर्धारित मूल्य पर डी.ए.पी. और यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी या ओवररेटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है या वितरण में अनियमितता बरतता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी व प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
जन-सुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें जमीन पर अवैध कब्जे हटाने, भूमि पैमाइश, नाला सफाई और संपर्क मार्ग बनवाने जैसी शिकायतें शामिल थीं। मंत्री जयवीर सिंह ने प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को इनका तत्काल गुणवत्तापरक और पारदर्शी ढंग से निस्तारण करने हेतु निर्देश दिए।
इस जन-सुनवाई कार्यक्रम के दौरान उदय चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को खाद बिक्री केंद्रों और उपलब्ध स्टॉक की स्थिति की लगातार जांच करने और आपस में समन्वय बनाकर व्यवस्था को सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है।
