जिलाधिकारी ने गांव भदवास में क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण, पारदर्शिता के साथ उपज का आकलन करने के दिए निर्देश
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने सोमवार को न्याय पंचायत सोंगरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत भदवास में किसान किरण देवी के खेत पर पहुंचकर क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसल कटाई की प्रक्रिया का जायजा लिया और अधिकारियों से उत्पादन के आकलन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग का कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कराया जाए। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन के सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना आवश्यक है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि फसल कटाई के दौरान निर्धारित क्षेत्रफल, काटी गई फसल और प्राप्त उपज के वजन का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही सभी आवश्यक अभिलेखों एवं आंकड़ों का विधिवत संधारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे वास्तविक फसल उत्पादकता का सही आकलन हो सके।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के माध्यम से निर्धारित क्षेत्रफल में फसल की कटाई कर प्राप्त उपज के आधार पर उत्पादन का आकलन किया जाता है। इससे जनपद में विभिन्न फसलों की वास्तविक पैदावार के आंकड़े तैयार होते हैं। ये आंकड़े कृषि उत्पादन की स्थिति का आकलन करने, कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और फसल बीमा योजना से संबंधित प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय, राजस्व निरीक्षक अशोक मिश्रा, अपर सांख्यिकीय अधिकारी मुकेश कुमार, लेखपाल कुलदीप भारद्वाज, ग्राम प्रधान के पुत्र पुष्पेंद्र कुमार, फसल बीमा से संबंधित अजीत कुमार सहित अन्य कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे।
