मतदान स्थलों के संभाजन एवं मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न
1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान स्थलों के पुनर्गठन पर चर्चा, पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की अपील
एटा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदान स्थलों के परिवर्तन, समायोजन एवं संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2026 के संबंध में चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतदान स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की निर्धारित सीमा के दृष्टिगत मतदाता सूची के पुनरीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार नए मतदान स्थल बनाए जाने तथा संभाजन की प्रक्रिया को दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम रूप देकर निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया जा रहा है, उन्होंने राजनीतिक दलों से इस प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की, ताकि मतदाताओं को अपने मतदान स्थल तक पहुंचने में असुविधा न हो और मतदान प्रक्रिया सुगम बन सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने तथा डुप्लीकेट प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने में राजनीतिक दल सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विशेष रूप से 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया, जिससे अधिक से अधिक युवा लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय नारायण सिंह सहित संबंधित चारों विधानसभाओं के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं विभिन्न मा0 प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆🏻
