साइबर सेल की बड़ी सफलता: ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में वापस कराए 50 हजार रुपये
मैनपुरी (अजय किशोर) जनपद मैनपुरी के थाना साइबर क्राइम ने तत्परता दिखाते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। ग्राम रोशिंगपुर के निवासी मुकेश कुमार पुत्र किशनलाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि एक अज्ञात जालसाज ने उनके बैंक खाते से धोखे से 50,000 रुपये निकाल लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन में साइबर सेल की टीम ने तत्काल कार्यवाही शुरू की।
साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए बैंक के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से ठगी गई राशि को ट्रैक किया। टीम के कड़े प्रयासों के बाद पीड़ित मुकेश कुमार के खाते में उनके पूरे 50,000 रुपये वापस क्रेडिट करा दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित ने खुशी व्यक्त की और मैनपुरी साइबर पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर प्रशंसा की। पुलिस ने इस अवसर पर आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी (ओटीपी, पिन आदि) साझा न करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराएं।
