किशनी में युवक ने मामा के घर पहुंच खुद को मारी गोली, मौत से मचा कोहराम
मैनपुरी (अजय किशोर) किशनी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। युवक ने बुधवार की रात अपने मामा के घर पहुंचकर खेत में खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर निवासी आलोक पुत्र अनार सिंह पास के ही ग्राम कतारा स्थित अपने मामा के घर गया हुआ था। बुधवार की रात जब सभी लोग सो रहे थे, तभी आलोक ने गांव के समीप एक खेत में जाकर अज्ञात कारणों के चलते खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां आलोक लहुलुहान अवस्था में मृत पड़ा मिला।
परिजनों द्वारा तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में लिया। गुरुवार की सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास असलहा कहां से आया और उसने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। युवक की मौत के बाद से लालपुर और कतारा दोनों गांवों में मातम का माहौल है।
