धान की आवक बढ़ने से मंडी में जाम की समस्या के समाधान को जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
प्रवेश-निकास पर एकल लाइन व्यवस्था, पर्ची पर दर्ज होगा आने-जाने का समय
किसानों को तौल के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, सभी धर्मकांटों पर समान व्यवस्था के निर्देश
मंडी के दोनों गेटों व प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश
एटा।धान की फसल की बढ़ती आवक के दृष्टिगत मंडी समिति में वाहनों की बढ़ती संख्या से उत्पन्न जाम की समस्या के समाधान तथा किसानों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने गुरुवार को उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर, मंडी सचिव के साथ मंडी समिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में वाहनों के प्रवेश एवं निकास, तौल व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मंडी में वाहनों का प्रवेश एवं निकास निर्धारित एकल लाइन में ही कराया जाए। प्रवेश के समय जारी की जाने वाली पर्ची पर वाहन के प्रवेश का समय अंकित किया जाए तथा निकास के समय उसी पर्ची पर निकास का समय भी दर्ज किया जाए, जिससे मंडी में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित एवं नियंत्रित रखा जा सके।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मंडी में तैनात पुलिस बल निरंतर सक्रिय रहकर अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से कार्य करे। संबंधित अधिकारी पुलिसकर्मियों की नियमित मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी कार्मिक पूरे समय अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहें।
जिलाधिकारी ने मंडी सचिव एवं उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि मंडी के आढ़तियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मकांटों पर धान की तौल की व्यवस्था समान रूप से संचालित होनी चाहिए, ताकि किसी किसान को तौल के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उसे अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मंडी के दोनों प्रवेश एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही धान से लदे वाहनों के आने वाले प्रमुख मार्गों पर भी पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और वाहन एकल लाइन में ही संचालित हों।
जिलाधिकारी ने कहा कि धान की आवक के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। मंडी में जाम की स्थिति न बनने पाए तथा किसानों के समय की बचत के साथ उनकी उपज की तौल एवं अन्य प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संपन्न हों, यह सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय,मंडी सचिव कपिल कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
