डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कुनावली एवं जिरसमी स्थित निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास तथा पीएसी परिसर में निर्माणाधीन भवनों का किया औचक निरीक्षण
विद्यालयों में साफ-सफाई, छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों की कमियां दूर करने के दिए निर्देश*श
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, हैंडओवर से पूर्व सभी कमियां दूर कर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने आज जनपद में कुनावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं जिर समी स्थित निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी विद्यालय एवं छात्रावास की बाउंड्री बॉल तथा पीएसी परिसर में निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि भवनों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित किए जाने से पूर्व सभी कमियों को दूर करते हुए शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूर्ण कराए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम विकासखंड शीतलपुर के ग्राम कुनावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने कूड़ा-करकट एवं जलभराव की स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे दोपहर के भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके पठन-पाठन, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकासखंड शीतलपुर के ग्राम जीरसमी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास के अवशेष बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर अवशेष निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा बाउंड्रीवॉल के निर्माण में पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। प्लास्टर के कार्य में विभिन्न स्थानों पर मिली खामियों को इंगित करते हुए उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए। बाउंड्रीवॉल।के सहारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने तथा निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन पूर्ण कराने के साथ ही अन्य विभाग से क्रॉस चेकिंग कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने स्वयं फीता डालकर बाउंड्रीवॉल की लंबाई विभिन्न स्थानों पर मापी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पीएसी परिसर स्थित जी प्लस 11 बिल्डिंग के भवनों का हस्तांतरण से पूर्व निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में जो भी कार्य शेष हैं अथवा कमियां रह गई हैं, उन्हें तत्काल दूर कर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने भवनों में विद्युत व्यवस्था, पेयजल, अग्निशमन सुरक्षा, लिफ्ट सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच सुनिश्चित करने तथा खिड़कियों में जाली लगाने का शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि भवनों को जल्द से जल्द संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी भवन, विद्यालय अथवा छात्रावास को संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने से पूर्व उसकी गुणवत्ता, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का समुचित सत्यापन कराया जाए। निर्माण कार्यों में पाई जाने वाली छोटी-बड़ी सभी कमियों को समय रहते दूर करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक पीएसी कुलदीप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा सहित संबंधित कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल,राजकीय निर्माण निगम के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
