प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह के प्रयासों को मिली सफलता: मेडिकल कॉलेज एटा को डीएनबी पीजी की 10 सीटों की सौगात
एटा। वीरांगना अबन्तीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, एटा के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह के निरंतर प्रयासों एवं कुशल मार्गदर्शन का परिणाम सामने आया है। कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय को डीएनबी (DNB) पीजी पाठ्यक्रम के अंतर्गत कुल 10 सीटों की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि गत माह नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS), नई दिल्ली की टीम द्वारा मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय का गहन निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम ने अस्पताल एवं कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के उपचार, विभागीय व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं तथा शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया।
निरीक्षण एवं निर्धारित मानकों के मूल्यांकन के उपरांत मेडिसिन विभाग में डीएनबी की 4 सीटें, पीडियाट्रिक्स विभाग में 4 सीटें तथा नेत्र रोग विभाग में 2 सीटें, कुल 10 डीएनबी पीजी सीटों की स्वीकृति प्रदान की गई है, इसी सत्र 2026 से नीट पीजी के माध्यम से होंगे प्रवेश l
इस अवसर पर प्रधानाचार्य बलबीर सिंह ने कहा कि पीजी की 10 सीटों की स्वीकृति मेडिकल कॉलेज एटा के लिए गौरवपूर्ण एवं महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा एवं शैक्षणिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हों तथा चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाए।
पीजी सीटों की बढ़ोत्तरी से प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी जिससे एटा और आसपास के जनपदों के मरीजों और बेहतर सुविधा मिलेगी l
कॉलेज प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि के लिए डॉ मंजरी कुमारी, प्रभारी अधिकारी (DNB) एवं सभी संबंधित विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, शिक्षकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों के योगदान की सराहना की है। डीएनबी पीजी की 10 सीटों की स्वीकृति संस्थान की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ एटा एवं आसपास के क्षेत्र की जनता के लिए बेहतर, विशेषज्ञ एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण जनहितकारी उपलब्धि है।
