राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ASP श्वेताभ पाण्डेय ने पुलिस कार्यालय पर माल्यार्पण कर दी पुष्पांजलि
एटा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री ‘जय जवान-जय किसान’ के प्रणेता श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती के पावन अवसर पर जनपद एटा पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय द्वारा पुलिस लाइन एटा में, पुलिस कार्यालय एटा पर क्षेत्राधिकारी सुनील एहलावत द्वारा तथा जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने-अपने सर्किल कार्यालयों एवं समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष द्वारा अपने-अपने थानों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी व लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की गई एवं राष्ट्रीय सलामी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को महापुरुषों के आदर्शों, सत्य, अहिंसा, सादगी व ईमानदारी के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सर्व धर्म सद्भाव, आदर्श जीवन शैली अपनाने, राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा करने तथा देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
अपर पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और शास्त्री जी की सादगी व कर्तव्यनिष्ठा हम सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
इस अवसर पर पुलिस लाइन में क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन/सदर संकल्पदीप कुशवाह व प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे एवं जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी व पुलिस कर्मी अपने-अपने कार्यालय पर मौजूद रहे।
