जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर अवैध खनन के विरुद्ध लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई
15 दिनों में एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर, लोडर व जेसीबी पर कार्रवाई, लाखों रुपये का लगाया गया अर्थदंड
एटा। जनपद में अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के सख्त निर्देशों के क्रम में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरंतर प्रभावी अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। विगत 15 दिनों में तहसील प्रशासन द्वारा अवैध खनन में संलिप्त एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर, लोडर एवं जेसीबी मशीनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया है तथा संबंधित वाहन स्वामियों पर लाखों रुपये का अर्थदंड भी अधिरोपित किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध खनन एवं राजस्व क्षति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके निर्देशन में तहसील एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें निरंतर रात्रिकालीन एवं आकस्मिक निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं।
इसी क्रम में तहसीलदार सदर नीरज वाष्णेय द्वारा बीती रात्रि थाना सकीट क्षेत्र के ग्राम गढ़िया यादगारपुर में अवैध खनन की सूचना पर छापेमारी करते हुए मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त एक रीपर मशीन को भी मौके से कब्जे में लिया गया। वहीं रिजोर थाना क्षेत्र के ग्राम जिसुखपुर उर्फ नगला बरी में अवैध खनन में संलिप्त एक अन्य रीपर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया गया।
प्रशासन द्वारा सभी संबंधित मामलों में विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा है कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा ऐसे तत्वों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा ओवरलोडिंग की गतिविधि संचालित होती दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिससे समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिला सूचना कार्यालय एटा 👆
