बाढ़ के पानी में गिरे तीन साल के प्रांशु की डूबने से मौत
फर्रुखाबाद: राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चैनगज में बाढ़ का पानी एक परिवार की खुशियां निगल गया। सोमवार को छत पर खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अचानक नीचे भरे बाढ़ के पानी में जा गिरा। परिजनों ने काफी तलाश के बाद उसे पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि कासगंज जिले के सरौली गांव निवासी इंद्रेश कुछ दिन पूर्व अपने साले मिथलेश के घर चैनगज आए थे। गांव के चारों ओर इस समय बाढ़ का पानी भरा हुआ है। सोमवार को इंद्रेश का तीन वर्षीय पुत्र प्रांशु घर में खेलते-खेलते छत पर पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे खेतों में भरे बाढ़ के पानी में जा गिरा।
कुछ देर बाद जब प्रांशु दिखाई नहीं दिया तो परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने घर के आसपास बाढ़ के पानी में तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान मासूम पानी में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल राजेपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
