नगद कैश का झंझट खत्म……
टैक्स, लाइसेंस फीस और जुर्माना राशि का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों (UPI, कार्ड, नेट बैंकिंग) से ही करना होगा: एआरटीओ शिवम यादव
एटा। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशों एवं शासकीय मंशा के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एटा शिवम यादव द्वारा आम जनमानस को सूचित किया जाता है कि वाहन (Vahan) एवं सारथी (Sarathi) से संबंधित समस्त सेवाओं हेतु देय शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन डिजिटल (Online Digital) माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
नई विभागीय व्यवस्था पर जानकारी देते हुए एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि विशेष और असाधारण परिस्थितियों को छोड़कर एआरटीओ कार्यालय में अब नकद कैश स्वीकार नहीं किया जाएगा, सभी प्रकार के टैक्स, लाइसेंस फीस और जुर्माना राशि का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों (UPI, कार्ड, नेट बैंकिंग) से ही करना होगा।
एआरटीओ शिवम यादव ने कहा कि इस व्यवस्था से कामकाज में पारदर्शिता आएगी और लोगों को लंबी लाइनों में लगने या साथ में कैश ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
