- भरे बाजार में युवती के पैरों में लेटा युवक, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
फर्रुखाबाद/ शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित नितगंजा दक्षिण बाजार में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक बाइक से उतरकर बीच बाजार में खड़ी एक युवती के पैरों पर लेट गया। इस पूरी घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक युवती के पैर पकड़कर करीब आधे घंटे तक वहीं पड़ा रहा। बाजार में मौजूद लोगों ने इस अजीबोगरीब घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि युवक पूरी तरह होश में था और उसने कोई नशा नहीं किया था। वहीं युवती ने युवक को पहचानने से इनकार कर दिया। घटना के दौरान लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे कि मामला प्रेम प्रसंग का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
काफी देर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक अचानक खुद उठा, अपनी बाइक पर बैठा और बिना कुछ कहे वहां से चला गया।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
